भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण पर जाएंगे देवप्रयाग के 68 मेधावी विद्यार्थी

भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण पर जाएंगे देवप्रयाग के 68 मेधावी विद्यार्थी

भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण पर जाएंगे देवप्रयाग के 68 मेधावी विद्यार्थी

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी जिले के स्वामी मनमथन प्रेक्षागृह में भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के 10वें संस्करण के तहत भ्रमण पर जाने वाले देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 68 मेधावी विद्यार्थियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर यात्रा की तैयारियों की जानकारी ली और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों को देश की विविधता, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और विकास को करीब से समझने का अवसर देता है। ऐसे अनुभव विद्यार्थियों के ज्ञान को कक्षा की सीमाओं से बाहर ले जाकर उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से भ्रमण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की विशेषताओं और उपलब्धियों से सीख लेने तथा अपने अनुभवों को अन्य साथियों के साथ साझा करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित संस्थानों का भ्रमण विद्यार्थियों के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने और गुरुजनों व माता-पिता के प्रति सम्मान बनाए रखने की भी सीख दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। उत्तराखंड को विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों की सूची में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। साथ ही उत्तराखंड स्वतंत्र भारत में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है और प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून भी लागू किया गया है।
धामी ने भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण की पहल के लिए देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लगातार 10 वर्षों तक इस कार्यक्रम का संचालन बड़ी उपलब्धि है। इस पहल से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ी है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हो रहे हैं।

विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि दूर-दराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री से सीधे संवाद का अवसर मिलना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विकास में मुख्यमंत्री के सहयोग के लिए आभार जताया।

इस अवसर पर डीएम नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *