मुख्यमंत्री धामी ने दी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई, प्रदेशवासियों के सुख-शांति और समृद्धि की कामना
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का संपूर्ण जीवन मानवता को सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। वे मानवता के सच्चे संरक्षक, मार्गदर्शक और जीवन-दर्शन के प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन प्रेम, त्याग, सेवा, करुणा, सद्भाव और समरसता जैसे मानवीय मूल्यों को अपनाने का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने समाज के वंचित एवं उपेक्षित वर्गों के प्रति संवेदनशीलता और उनके कल्याण का भी संदेश दिया। श्रीमद्भगवद्गीता में दिया गया निष्काम कर्म का संदेश आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है। गीता के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण ने मानव मात्र को अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने तथा फल की चिंता किए बिना कर्म करते रहने का मार्ग दिखाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गीता में निहित भक्ति, ज्ञान, योग और कर्म का संदेश व्यक्ति के जीवन में सकारात्मकता, आत्मविश्वास और संतुलन प्रदान करता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर समाज में प्रेम, भाईचारे और समरसता की भावना को मजबूत करने तथा उत्तराखण्ड के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
