रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री धामी ने मनाया बहनों के साथ पर्व, महिलाओं को दी रोडवेज में मुफ्त सफर की सौगात
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर देहरादून में आयोजित दो कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर मातृशक्ति के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म और हाथीबड़कला स्थित सर्वे स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री ने सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मातृशक्ति से मिल रहा स्नेह और विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि बहनों के बीच पहुंचकर उन्हें ऐसा अनुभव हो रहा है, जैसे कोई भाई अपने घर-परिवार के बीच आया हो। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि रक्षाबंधन का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशियां लेकर आए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन नारी सम्मान के महत्व का भी स्मरण कराता है। नारी का सम्मान केवल हमारा कर्तव्य ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और संस्कार का आधार है। महिलाओं की भूमिका परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाज और प्रदेश के विकास की भी महत्वपूर्ण शक्ति हैं।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड की मातृशक्ति पर उन्हें गर्व है। पहाड़ की महिलाओं ने कठिन परिस्थितियों को अपनी ताकत बनाया है और परिवार, समाज तथा प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। महिला आरक्षण, शौचालय निर्माण तथा तीन तलाक जैसी कुप्रथा के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई को उन्होंने महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 5 लाख महिलाएं 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी कर रही हैं। इसके अलावा सात हजार से अधिक ग्राम संगठन और 500 से अधिक क्लस्टर संगठन महिलाओं की सामूहिक शक्ति और नेतृत्व को मजबूत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनके सामाजिक और संवैधानिक अधिकारों को भी मजबूत किया जा रहा है। प्रदेश में सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू है। वहीं समान नागरिक संहिता के माध्यम से महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और समान न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री धामी ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की महिलाओं को विशेष सौगात देते हुए 28 और 29 अगस्त को उत्तराखण्ड रोडवेज की बसों में निःशुल्क यात्रा की घोषणा की। इससे महिलाएं रक्षाबंधन पर अपने मायके और परिवारजनों से मिलने के लिए आसानी से यात्रा कर सकेंगी।
चौधरी फार्म, जीएमएस रोड में आयोजित कार्यक्रम में आयोजक जोगिंदर सिंह पुंडीर, उत्तराखण्ड आपदा प्रबंधन राज्य सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिला सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रदेशभर से आई बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
वहीं सर्वे स्टेडियम, हाथीबड़कला में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।
