35 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने लिखा ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर शुरू किए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को प्रदेशभर के विद्यार्थियों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। अब तक 35 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अपने निबंध पोर्टल पर अपलोड कर चुके हैं।
कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी समेत 8 विषयों पर अपने विचार साझा करने का अवसर दिया गया है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा है कि विद्यार्थियों के बेहतर विचारों को प्रदेश की नीतियों में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।
अभियान के तहत 140 श्रेष्ठ विचारों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को सम्मान, स्कॉलरशिप और अन्य पुरस्कार दिए जाने की घोषणा भी की गई है। निबंध अपलोड करने के बाद विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र मिलने से उनमें अभियान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल के मुताबिक सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में इसमें भाग ले रहे हैं और लगातार पोर्टल पर प्रविष्टियां अपलोड हो रही हैं। निबंध अपलोड करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और प्रतिदिन इसकी समीक्षा कर रहे हैं।
