टनल हादसे पर सीएम धामी ने झारखंड-छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से की बात, श्रमिकों की सुरक्षा का दिया भरोसा
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली के मायापुर(पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना को लेकर झारखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने दोनों राज्यों के श्रमिकों की स्थिति से उन्हें अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड सरकार द्वारा युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 16 श्रमिकों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है, जबकि शेष प्रभावित श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए सभी आवश्यक प्रयास लगातार जारी हैं।
सीएम धामी ने कहा कि रेस्क्यू किए गए श्रमिकों के उपचार और देखभाल में कोई कमी नहीं रखी जा रही है। उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जरूरत के अनुसार विशेषज्ञ उपचार, दवाइयां, भोजन और आवास सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं। आवश्यकता पड़ने पर श्रमिकों को उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर करने की समुचित व्यवस्था भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों को आश्वस्त किया कि उत्तराखंड सरकार प्रत्येक प्रभावित श्रमिक और उनके परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता से खड़ी है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और राज्य सरकार का पूरा तंत्र श्रमिकों की सुरक्षा, उपचार एवं सहायता के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है।
