उत्तराखंड

शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने की पांच विभागों की संयुक्त समीक्षा, योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने की पांच विभागों की संयुक्त समीक्षा, योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

बजट के उपयोग में तेजी और शिक्षा में तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर

देहरादून। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शासकीय आवास पर विद्यालयी शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, उच्च शिक्षा और सहकारिता विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य एवं केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति, बजट उपयोग और निर्माणाधीन परियोजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत बजट का निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं और परियोजनाओं के तहत चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।

सहकारिता विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए डॉ. रावत ने कहा कि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी स्तर पर प्रयास तेज किए जाएं। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाते हुए आमजन को सीधे लाभान्वित करने पर जोर दिया।

बैठक में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने विद्यालयी, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा में तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाना सरकार की प्राथमिकता है।

डॉ. रावत ने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *