चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग का संयुक्त निरीक्षण, मरम्मत कार्यों में तेजी के निर्देश
चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग का संयुक्त निरीक्षण, मरम्मत कार्यों में तेजी के निर्देश
चमोली-खैनुरी सड़क पर जल्द सुधरेंगी व्यवस्थाएं, जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
चमोली-खैनुरी मार्ग पर भूस्खलन प्रभावित स्थलों का निरीक्षण, तत्काल सुधार के निर्देश
चमोली।जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देशानुसार तहसील प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की संयुक्त टीम ने चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क की वर्तमान स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मार्ग पर क्षतिग्रस्त हिस्सों, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों तथा जल निकासी व्यवस्था का आकलन करते हुए आवश्यक सुधार कार्यों के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गई।
दशोली विकासखंड अंतर्गत चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग लगातार हो रही वर्षा के कारण कुछ स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया था। मानसून के दृष्टिगत सुरक्षित एवं सुचारु यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरव कुमार ने तहसील प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम को मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्यों के संबंध में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
निरीक्षण के दौरान टीम ने भूस्खलन से सड़क पर आए मलबे को तत्काल हटाने, जलभराव रोकने के लिए आवश्यक स्थानों पर नालियों का निर्माण एवं सफाई कराने तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत किए जाने की आवश्यकता बताई।
निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क पर सुरक्षित एवं निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मानसून अवधि में जनपद के सभी संवेदनशील सड़क मार्गों की नियमित निगरानी की जा रही है और संबंधित विभागों को किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क मार्गों को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक संसाधनों के साथ त्वरित कार्रवाई की जाएगी, ताकि ग्रामीणों एवं यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
