डोईवाला में अवैध कॉलोनियों पर चला एमडीडीए का बुलडोजर, 77 बीघा जमीन पर बड़ी कार्रवाई
डोईवाला में अवैध कॉलोनियों पर चला एमडीडीए का बुलडोजर, 77 बीघा जमीन पर बड़ी कार्रवाई
देहरादून।डोईवाला क्षेत्र में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। मारखम ग्रांट से लेकर खेरी तक कुल 77 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया गया।
मारखम ग्रांट में 65 बीघा पर कार्रवाई
मारखम ग्रांट क्षेत्र में गुरप्रीत और राजा द्वारा करीब 65 बीघा भूमि पर बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कॉलोनी विकसित करने के उद्देश्य से आंतरिक सड़कें बना दी गई थीं और प्लॉटों का सीमांकन भी कर दिया गया था।
एमडीडीए की प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीनों से अवैध सड़कों, सीमांकन और अन्य निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया। साथ ही भविष्य में किसी भी प्रकार की निर्माण गतिविधि पर तत्काल रोक लगा दी गई।
खेरी क्षेत्र में 12 बीघा जमीन पर भी एक्शन
इसी क्रम में खेरी-2, संत सागर गुरुद्वारा मार्ग और मेजर शहीद दुर्गा मार्ग फाटक रोड क्षेत्र में अशोक पाल और वर्मा द्वारा लगभग 12 बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। जांच में सामने आया कि बिना मानचित्र स्वीकृति के प्लॉटिंग की जा रही थी।
एमडीडीए टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए यहां भी सभी विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया और संबंधित व्यक्तियों को कड़ी चेतावनी जारी की।प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध प्लॉटिंग और बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
